बंगाल : सरस्वती पूजा के बाद तापमान में फिर गिरावट, कोहरे का अलर्ट जारी

बंगाल में सरस्वती पूजा के बाद एक बार फिर ठंड की तीव्रता बढ़ती नजर आ रही है। पूजा के दिन तक जहां मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ था, वहीं इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शनिवार को यह गिरकर 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में लगातार गिरावट से लोगों के बीच ठंड की दूसरी पारी की अटकलें तेज हो गई हैं।

हालांकि अलीपुर मौसम विभाग ने फिलहाल ठंड की दूसरी लहर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन मौसम में बदलाव के संकेत साफ दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से राज्य में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

माघ महीने की शुरुआत में कोलकाता का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक 15 से 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन शुक्रवार को इसमें अचानक गिरावट आई और तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बताया कि आसमान साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। दिनभर तापमान 14 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

अलीपुर मौसम विभाग ने राज्यभर में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में अगले तीन से चार दिनों तक हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। इससे सुबह के समय दृश्यता घटकर 200 मीटर तक हो सकती है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर जिलों में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां दृश्यता 50 मीटर तक गिर सकती है। हालांकि पूरे राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा और कहीं भी बारिश या हिमपात की संभावना नहीं है।

शनिवार को दार्जिलिंग का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे तापमान केवल नदिया जिले के कल्याणी में 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर बंगाल के कलिम्पोंग और कूचबिहार में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दक्षिण बंगाल के बांकुड़ा (11), श्रीनिकेतन (11.5), बहरमपुर (11.6), कैनिंग (11), पानागढ़ (11.2), आसनसोल (11.3), बैरकपुर (11) और झाड़ग्राम (11.5) डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कोलकाता के उपनगर दमदम में 12.2 और साल्टलेक में 14 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले छह दिनों तक रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और देर रात ठंड का असर बना रहेगा।

Share

Similar Posts