बांग्लादेश में दर्दनाक हादसा: ट्रेन-बस टक्कर में 12 की मौत, 20 घायल

बांग्लादेश में एक दर्दनाक रेल हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 20 लोग घायल हो गए। यह हादसा कोमिला के पादुआ बाजार लेवल क्रॉसिंग पर हुआ, जहां ट्रेन और बस की भीषण टक्कर हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दुर्घटना तड़के करीब 3 बजे हुई, जब ढाका-चटगांव मार्ग पर जा रही एक बस ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ट्रेन के इंजन में फंस गई और लगभग एक किलोमीटर तक घिसटती चली गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया। बाद में सेना, पुलिस, अग्निशमन सेवा और रेड क्रिसेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान चलाया।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में सात पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।
हादसे के कारण ढाका-चटगांव रेल मार्ग पर करीब तीन घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के समय लेवल क्रॉसिंग पर कोई गेटमैन मौजूद नहीं था। मामले की जांच के लिए बांग्लादेश रेलवे ने दो अलग-अलग जांच समितियां गठित की हैं।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि लापरवाही के आरोप में गेटमैन मेहदी हसन और हेलाल उद्दीन को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।






