|

बड़वानी में सूखी फसलें लेकर थाने पहुंचे किसान-मजदूर: बिजली की मांग; विधायक बोले- आदिवासी क्षेत्र में गंभीर संकट

बड़वानी। जिले के पाटी क्षेत्र में सूखे और बिजली की समस्या से परेशान किसानों और मजदूरों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। हाथों में सूखी फसलें लेकर पाटी थाना परिसर पहुंचे और बिजली, सिंचाई तथा रोजगार की मांग की।

विधायक राजन मंडलोई ने बताया कि पाटी क्षेत्र के आदिवासी किसान और मजदूर गंभीर संकट से गुजर रहे हैं। कम बारिश के कारण फसलें सूख रही हैं।

किसानों के मुताबिक, सरकार 10 घंटे बिजली देने का दावा करती है, लेकिन दिन में कुछ घंटे ही बिजली मिलती है। बिजली भी बार-बार बंद होती रहती है। कम वोल्टेज से मोटर नहीं चल पाती और सिंचाई प्रभावित होती है।

महंगी खेती और कर्ज से परेशान किसान

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, यूरिया, डीएपी, बीज और दवाइयां महंगी हो रही हैं, जबकि फसलों के दाम उस अनुपात में नहीं बढ़ रहे हैं। बारिश की कमी के कारण फसलें खराब होने से किसानों की आमदनी प्रभावित हो रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार का संकट भी बढ़ गया है।

रोजगार गारंटी योजना में काम शुरू करने की मांग

विधायक ने बताया कि किसानों ने विकसित भारत–रोजगार गारंटी योजना के तहत काम की मांग की है। उनका कहना है कि नए कानून को लागू हुए दो महीने हो चुके हैं, लेकिन गांवों से मांग के बावजूद अधिकांश जगहों पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। किसानों का सवाल है कि जब खेतों में काम नहीं मिल रहा है तो गांवों में रोजगार के दूसरे साधन क्यों नहीं उपलब्ध कराए जा रहे।

बिजली विभाग पर लगाए शिकायतों के आरोप

विधायक राजन मंडलोई ने बिजली विभाग को लेकर भी कई शिकायतें बताईं। उन्होंने कहा कि कुछ गांवों में बिजली काटकर पैसे वसूलने और बिना मीटर के अनुमानित बिल दिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। किसानों का आरोप है कि विभाग बिजली बिल की वसूली में तेजी दिखाता है, लेकिन खराब ट्रांसफार्मर, बिजली लाइन और अन्य तकनीकी समस्याओं को ठीक करने में महीनों लग जाते हैं।

SEO टैग्स:

Share