बड़वानी में DIG का निरीक्षण: CM हेल्पलाइन की शिकायतें सुनीं; चेकिंग बढ़ाने के निर्देश

बड़वानी। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सिलावद में आयोजित शिविर में पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल भी मौजूद रहे। डीआईजी ने थाने में लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें सुनीं और लोगों की समस्याओं का संतोषजनक समाधान कराया।
शाम 4 से 6 बजे तक वाहनों की सघन चेकिंग
डीआईजी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए। सिलावद के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, व्यापारियों और छात्राओं की सुरक्षा के लिए शाम 4 से 6 बजे तक वाहनों की सघन चेकिंग और सप्ताह में एक बार इंटरसेप्शन वाहन भेजने के निर्देश दिए।
नए आवास बनाने का प्रस्ताव तैयार होगा
उन्होंने रक्षा समिति के सदस्यों से रात की गश्त और यातायात व्यवस्था में सहयोग लेने को कहा। पुराने पुलिस क्वार्टरों की जगह नए आवास बनाने का प्रस्ताव तैयार करने और घाट सेक्शन क्षेत्र को सिलावद थाने में शामिल करने के सुझाव को आगे भेजने की बात कही।
‘3D मिशन’ की सराहना
डीआईजी ने बड़वानी पुलिस के ‘3D मिशन’—डीजे, दहेज और दारू के खिलाफ अभियान की भी सराहना की। इसके बाद उन्होंने ISO 9001 प्रमाणित सिलावद थाने का निरीक्षण किया। थाने के आधुनिकीकरण, फरियादियों के बैठने की व्यवस्था, सुविधाओं और रिकॉर्ड प्रबंधन की उन्होंने प्रशंसा की।
आंसू गैस गन और हथियारों का परीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीआईजी की मौजूदगी में आंसू गैस गन का परीक्षण किया गया। पुलिसकर्मियों से हथियारों के पुर्जे खुलवाकर दोबारा जुड़वाए गए, ताकि उनके रखरखाव और तैयारी की जांच हो सके। पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन की डीआईजी ने सराहना की। इस दौरान जनप्रतिनिधि, व्यापारी, ग्रामीण और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।