रेल परियोजनाओं की समीक्षा करने इंदौर आए रेलवे अध्यक्ष: कहा- सिंहस्थ 2028 के लिए 125 ट्रेनें चलाएंगे; इलेक्ट्रिक ट्रेन भी शुरू होगी

इंदौर। रेलवे अध्यक्ष सतीश कुमार ने रविवार को इंदौर पहुंचकर रेल परियोजनाओं की समीक्षा की। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर विभाग ने काम तेज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान देशभर के अलग-अलग शहरों से इंदौर और उज्जैन के लिए 125 से ज्यादा ट्रेनें चलाई जाएंगी।
मेमू ट्रेन भी मिलेगी
सतीश कुमार ने कहा कि इंदौर और आसपास चल रही रेल परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इंदौर को नई ट्रेनों के साथ मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन भी मिलेगी। इसका निर्माण तेजी से चल रहा है। सिंहस्थ से पहले मेमू ट्रेन शुरू होने की उम्मीद है।
लक्ष्मीबाई नगर से चलेंगी कई ट्रेनें
रेलवे अध्यक्ष ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से कई ट्रेनें चलाई जाएंगी। इंदौर-उज्जैन के बीच आने वाले अन्य स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाएं और व्यवस्थाएं बढ़ाई जाएंगी। जिससे अधिक ट्रेनों का संचालन किया जा सके।
5 साल में पूरा होगा इंदौर-मनमाड़ प्रोजेक्ट
इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना को लेकर सतीश कुमार ने कहा कि इसे 5 साल में पूरा करने का लक्ष्य है। फिलहाल भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण में आमतौर पर एक से डेढ़ साल का समय लग सकता है। परियोजना पूरी होने के बाद मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
रीगल ब्रिज का भी किया निरीक्षण
स्टेशन पर अधिकारियों से मुलाकात के बाद रेलवे अध्यक्ष रीगल ब्रिज पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुराने ब्रिज को तोड़ने से पहले वैकल्पिक ब्रिज तैयार किया जाएगा, ताकि शहर का ट्रैफिक प्रभावित न हो। इसके बाद उन्होंने निरीक्षण कोच से इंदौर से उज्जैन तक रेलवे ट्रैक का जायजा लिया।
शंकर लालवानी से मुलाकात की
सांसद शंकर लालवानी ने भी सतीश कुमार से मुलाकात कर इंदौर स्टेशन का निर्माण कार्य जारी रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ से पहले जितना निर्माण संभव हो, उसे पूरा किया जाना चाहिए।