| |

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों के घरों पर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, बैंक रिकॉर्ड और संपत्ति दस्तावेज खंगाले

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल में बंद 8 आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह करीब 7 बजे पुलिस की 8 टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान 3 आरोपियों के घरों पर ताला मिला, जबकि अन्य घरों में दस्तावेजों और बैंक संबंधी रिकॉर्ड की जांच की गई।

पुलिस ने आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर की तलाशी ली। शुरुआत में घर बंद मिला, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मां के पहुंचने पर ताला खोला गया और अलमारी-बक्सों समेत पूरे घर की जांच की गई। टिन्नू के भतीजे और सह-आरोपी मनीष यादव के घर पर भी ताला लगा मिला। वहीं आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी पुलिस को ताला मिला।

आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर पुलिस ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी और अन्य रिकॉर्ड खंगाले। परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए। छापेमारी के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों, विशेषकर लेखपालों को भी जांच टीम में शामिल किया गया।

इस मामले पर RSS की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि SIT पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि “अयोध्या के रामराज्य में अपराधियों को माफी नहीं, सजा मिलती है। जांच पूरी होने तक मामले को राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है।”

Share