| |

धार में हॉस्टल की हालत खराब, छात्राएं हो परेशान: छत से टपकता है पानी; नई बिल्डिंग और वार्डन पर कार्रवाई की मांग

धार। नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका हॉस्टल की जर्जर हालत और वार्डन के दुर्व्यवहार से परेशान हो रही छात्राएं। छात्राओं ने सोमवार को जयस छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष चिंटू गिरवाल के साथ धार SDM राजकुमार हलदर को ज्ञापन सौंपा। छात्राओं ने हॉस्टल की मरम्मत कराने के साथ उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने को कहा और नए भवन का निर्माण कराने की मांग की।

छात्राओं और संगठन का कहना है कि हॉस्टल की बिल्डिंग पुराना और जर्जर हो चुका है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है, जिससे छात्राओं को परेशानी होती है। उनका कहना है कि बिल्डिंग की स्थिति को देखते हुए कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

वार्डन पर दुर्व्यवहार के आरोप
छात्राओं ने वार्डन मीना सुतार पर लगातार दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। छात्राओं का आरोप है कि वार्डन उनका सामान तक फेंक देती हैं। साथ ही सहायक वार्डन के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप भी लगाया गया है।

छात्राओं और जयस छात्र संगठन ने वार्डन को जल्द से जल्द निलंबित करने और पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग
छात्राओं ने मांग की कि उन्हें जल्द से जल्द किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। साथ ही नए हॉस्टल बिल्डिंग का निर्माण कराया जाए, ताकि जर्जर बिल्डिंग में रहने से होने वाले खतरे से बचा जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SDM राजकुमार हलदर ने संबंधित अधिकारियों को हॉस्टल का जल्द निरीक्षण कर जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने छात्राओं को निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share