नाग पंचमी पर कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच: 120 मुकाबले हुए, सीनियर; महिला और जूनियर वर्ग में पहलवानों ने जीते मुकाबले

इंदौर। नाग पंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को देशभर में नाग देवता को दूध पिलाने की परंपरा के साथ कुश्ती दंगल की भी परंपरा रही है। इंदौर शहर में इसी प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए स्व. श्री चंद्रपाल सिंह उस्ताद व्यायामशाला में नाग पंचमी पर करीब 87 वर्षों से कुश्ती दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इस बार दंगल में 120 कुश्तियां संपन्न हुईं।
पहलवानों ने दिखाए आकर्षक दांव-पेंच
कुश्ती दंगल में बड़े पहलवानों के साथ बालिका और जूनियर वर्ग के पहलवानों ने भी हिस्सा लिया। पहलवानों ने धोबी दांव, कलाजंग दांव, फित्ले दांव, सखी दांव, सालतोड़ दांव और जेनेवा दांव लगाकर कुश्ती प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

आकाश विजयवर्गीय रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय थे। विशेष अतिथि संतोष चौखंडी रहे। विजेता और उपविजेता पहलवानों को अखाड़े के संचालक राजू ठाकुर उस्ताद और अर्जुन ठाकुर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सीनियर वर्ग में यशपाल और गौतम ने जीते मुकाबले
सीनियर वर्ग की कुश्ती में यशपाल पहलवान, गौतम ठाकुर, युवराज पाल और अल्ताफ राजा ने अपने-अपने मुकाबलों में विजय हासिल की।

महिला और जूनियर वर्ग में भी मुकाबले
महिला वर्ग में गायत्री निरोल, मोना मुनिया, प्रियांशी जोशी, समीक्षा और तमन्ना मरमत ने अपने-अपने मुकाबले जीते। जूनियर वर्ग में अर्जुन यादव, आशु जैन, अनुज चौधरी, नरसिंह यादव और आयुष ठाकुर ने अपने-अपने मुकाबलों में विजय हासिल की।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में माता प्रसाद प्रजापति, विनोद गांधी, सुजान सिंह शेखावत, रघु यादव, शुभम ठाकुर, राजेश मेहरा और मोहन रठा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।