अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर के सभी मंदिरों में दर्शन शुरू, ऑनलाइन पास अनिवार्य

उत्तर प्रदेश की राम नगरी अयोध्या में स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर के सभी मंदिरों और मंडपों में सोमवार से दर्शन प्रारंभ हो गए हैं। श्रद्धालुओं को अब निर्धारित संख्या के तहत पास के माध्यम से प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, परिसर में बने कुल 18 मंदिरों के दर्शन फिलहाल तीन महीने के परीक्षण के तौर पर शुरू किए गए हैं। इसके तहत प्रतिदिन 1500 श्रद्धालुओं को ऑनलाइन पास के जरिए प्रवेश दिया जा रहा है।
दर्शन के लिए सुगम, विशिष्ट और सामान्य श्रेणियों में 500-500 पास निर्धारित किए गए हैं। यह बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जा रही है। श्रद्धालु सामान्य लेन से प्रवेश कर रामलला के दर्शन कर रहे हैं, जिसके बाद दक्षिणी सीढ़ियों से राम परिवार के दर्शन कराए जा रहे हैं।
इसके बाद श्रद्धालु परकोटा मार्ग से शेषावतार मंदिर, सप्त मंडपम और कुबेर नवरत्न टीला सहित अन्य मंदिरों के दर्शन कर सकते हैं।
मंदिर प्रशासन ने दर्शन के लिए कुछ आवश्यक नियम भी तय किए हैं। एक परिवार के अधिकतम 5 लोगों के लिए ही पास जारी किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन में फोटो अनिवार्य होगी और सभी श्रद्धालुओं को आधार कार्ड साथ लाना होगा।
साथ ही, पास 2-2 घंटे के स्लॉट में जारी किए जाएंगे, जिससे भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
मंदिर परिसर में दर्शन की इस नई व्यवस्था को श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने और सुचारु प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






