| |

एजबेस्टन की चुनौती पर खरे उतरे अक्षर पटेल, बोले- धैर्य और साझेदारी ने दिलाई भारत को जीत

भारत के खिलाड़ी अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में मिली जीत के बाद एजबेस्टन की पिच को चुनौतीपूर्ण बताया। उनका कहना था कि मुकाबले की शुरुआत में बल्लेबाजी करना आसान नहीं था और नए बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने के लिए धैर्य दिखाना पड़ रहा था। एक बार बल्लेबाज सेट हो जाए, उसके बाद रन बनाना थोड़ा आसान हो जाता है। इसी कारण टीम का पूरा ध्यान लंबी साझेदारी बनाने पर था।

अक्षर ने कहा कि जो भी नया बल्लेबाज क्रीज पर आया, उसे शुरुआती ओवरों में कठिनाई का सामना करना पड़ा। उनके मुताबिक पिच पर गेंद लगातार स्विंग और सीम दोनों कर रही थी, इसलिए शुरुआत से बड़े शॉट खेलने की बजाय परिस्थितियों को समझना जरूरी था। उन्होंने कहा कि जब बल्लेबाज पिच के मिजाज को समझ लेते हैं, तब रन बनाना आसान हो जाता है।

रोहित-विराट की वापसी से टीम को मिला अनुभव और संतुलन

अक्षर पटेल ने माना कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी से भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। लंबे समय से साथ खेलने वाले इन खिलाड़ियों की मौजूदगी ड्रेसिंग रूम में बेहतर माहौल बनाती है और युवा खिलाड़ियों को भी भरोसा मिलता है।

रोहित शर्मा अपनी शांत कप्तानी और मैच की परिस्थितियों के अनुसार फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं, जबकि विराट कोहली का अनुभव और दबाव में खेलने की क्षमता टीम को अतिरिक्त मजबूती देती है। दोनों की मौजूदगी से बल्लेबाजी क्रम अधिक संतुलित दिखाई देता है और पूरी टीम में अनुभव का असर साफ नजर आता है। हालांकि दोनों है खिलाड़ी कुछ खास रन नहीं बना पाए मगर टीम में उनकी मौजूदगी ही टीम का मनोबल बढ़ाती है ।

बुमराह और राहुल ने भी बढ़ाई टीम की मजबूती

अक्षर ने यह भी माना कि टीम की मजबूती सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नहीं है। जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखते हैं और मुश्किल परिस्थितियों में विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं। वहीं केएल राहुल मध्यक्रम में स्थिरता प्रदान करते हैं और जरूरत पड़ने पर पारी को संभालने के साथ तेज गति से रन बनाने की भूमिका भी निभाते हैं। इन दोनों खिलाड़ियों की मौजूदगी से भारतीय टीम हर विभाग में अधिक संतुलित और अनुभवी नजर आती है।

बल्ले और गेंद, दोनों से चमके अक्षर पटेल

इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में अक्षर पटेल ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 52 गेंदों पर 57 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और इसके बाद 9.5 ओवर में 4 विकेट लेकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी को झटके दिए। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

भारत ने पहला वनडे छह विकेट से जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

Share