आशा भोसले की तबीयत बिगड़ी, कार्डियक अरेस्ट के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती

मुंबई में भारतीय संगीत जगत की दिग्गज पार्श्व गायिका Asha Bhosle की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 92 वर्षीय गायिका को कार्डियक अरेस्ट के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट किया गया, जहां उनका इलाज इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में चल रहा है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उन्हें सीने में संक्रमण और अत्यधिक थकान की शिकायत थी, जिसके बाद स्थिति गंभीर होने पर तुरंत मेडिकल सहायता दी गई। डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक उपचार किया जा रहा है।
परिवार की ओर से उनकी पोती जनाई भोसले ने बयान जारी कर बताया कि फिलहाल इलाज जारी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही उन्होंने मीडिया और प्रशंसकों से निजता बनाए रखने की अपील की है।
भारतीय संगीत की सबसे प्रतिष्ठित आवाजों में शामिल Asha Bhosle ने सात दशकों से अधिक समय तक हजारों यादगार गीत दिए हैं और उन्हें पद्म विभूषण तथा दादा साहेब फाल्के पुरस्कार जैसे सर्वोच्च सम्मान भी मिल चुके हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर में चिंता का माहौल है और प्रशंसक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।






