|

अनूपपुर ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 6, 22 घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। शुक्रवार शाम अनूपपुर-उमरिया जिले की सीमा पर तिवनी गांव के पास हुए हादसे में पहले चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि दो घायलों ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा, सरई चौकी, थाना कारणपठार क्षेत्र में यह हादसा उस समय हुआ, जब ग्राम पड़मनिया के श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए बिजौरा जा रहे थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में कुल 41 लोग घायल हुए, जिन्हें तत्काल पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला चिकित्सालय उमरिया और मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया। फिलहाल 22 घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज शहडोल में जारी है।

मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई

इस दर्दनाक हादसे में ग्राम पड़मनिया निवासी छह लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 45 वर्षीय घनश्याम सिंह, 55 वर्षीय सहबल बैगा, 50 वर्षीय भूपत सिंह, 60 वर्षीय बीर सिंह, 15 वर्षीय धर्मपाल और 40 वर्षीय कृष्णपाल सिंह शामिल हैं।

बताया गया कि दो लोगों की मौत घटनास्थल पर, दो की पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में और दो की शहडोल मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुई। मृतकों में एक 15 वर्षीय किशोर भी शामिल है।

कलेक्टर और संभागायुक्त ने जाना घायलों का हाल

अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली और शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने शुक्रवार देर रात मेडिकल कॉलेज शहडोल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने घायलों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सभी घायलों को उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

मृतकों के परिजनों को मिलेगी 8-8 लाख की सहायता

प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 8-8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसमें मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4 लाख रुपये और संबल योजना के तहत 4 लाख रुपये दिए जाएंगे।

फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।

Share

Similar Posts