दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर ऋषिकेश पहुंचेंगे गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर ऋषिकेश पहुंचेंगे। इस दौरान वे ऋषिकेश और हरिद्वार में आयोजित धार्मिक, सामाजिक और स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
अपने दौरे के पहले दिन केंद्रीय गृह मंत्री शाह ऋषिकेश के गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक का विमोचन किया जाएगा। यह पत्रिका भारतीय संस्कृति, धर्म और अध्यात्म के प्रचार-प्रसार में लंबे समय से अहम भूमिका निभा रही है।
दूसरे दिन गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे महर्षि दयानंद ग्राम स्थित पतंजलि आपातकालीन एवं गहन चिकित्सा अस्पताल का उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद अमित शाह गायत्री तीर्थ शांति कुंज पहुंचकर अखंड ज्योति पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात वे बैरागी द्वीप पर आयोजित गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
गृह मंत्री का यह दौरा धार्मिक, सामाजिक और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इससे उत्तराखंड में इन क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।






