नांदेड़ में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के शहीदी दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज महाराष्ट्र के नांदेड़ में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन सिख इतिहास और बलिदान की परंपरा को समर्पित है।
इस अवसर पर आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक “हिंद दी चादर” कार्यक्रम की शुरुआत कल से हो चुकी है। यह आयोजन नांदेड़ के मोदी मैदान में किया जा रहा है, जिसमें देशभर से श्रद्धालु, संत-महात्मा और सिख समुदाय के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से धर्म, मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए गुरु तेग बहादुर साहिब जी के अद्वितीय बलिदान को स्मरण किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन नई पीढ़ी को सिख इतिहास और गुरु साहिब के आदर्शों से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है।
गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने से कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व मिला है। उनके संबोधन में गुरु तेग बहादुर साहिब जी के बलिदान और भारतीय संस्कृति में उनके योगदान पर प्रकाश डाले जाने की संभावना है।






