आज बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार का अंतिम संस्कार आज सुबह लगभग 11 बजे पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। श्री पवार का कल एक विमान हादसे में आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे प्रदेश और देश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है।
अंतिम संस्कार कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में समर्थकों के बारामती पहुंचने की संभावना है।
महाराष्ट्र सरकार ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इसके तहत कल तक सभी सरकारी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे, जबकि राज्यभर की सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
अजित पवार को महाराष्ट्र की राजनीति में एक प्रभावशाली और अनुभवी नेता के रूप में जाना जाता था। उनके निधन को राज्य के राजनीतिक इतिहास की एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। आज बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ होने वाला अंतिम संस्कार उन्हें अंतिम विदाई देगा, जहां जनसैलाब के उमड़ने की उम्मीद है।






