‘द एकेडमी’ के सोशल मीडिया पर छाया शाहरुख खान का डायलॉग, फैंस में खुशी की लहर

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित फिल्म संस्था The Academy ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर उन्हें खास सम्मान देते हुए उनकी फिल्म ओम शांति ओम का एक यादगार दृश्य साझा किया है।
एकेडमी द्वारा साझा किए गए वीडियो में फिल्म का मशहूर डायलॉग “अगर किसी चीज को शिद्दत से चाहो…” दिखाया गया है, जो आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय संवादों में गिना जाता है। पोस्ट के कैप्शन में एकेडमी ने लिखा, “किस्मत के बारे में एक बात तय है… यह कभी चूकती नहीं।”
यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई। इसे शाहरुख खान की वैश्विक लोकप्रियता का एक और बड़ा प्रमाण माना जा रहा है।
साल 2007 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन फराह खान ने किया था। इस फिल्म से दीपिका पादुकोण ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में अर्जुन रामपाल, किरण खेर और श्रेयस तलपड़े ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
‘ओम शांति ओम’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी और यह आज भी शाहरुख खान के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक मानी जाती है।
फैंस का कहना है कि शाहरुख खान न केवल भारत, बल्कि वैश्विक सिनेमा के भी सबसे बड़े सितारों में शामिल हैं, और ‘द एकेडमी’ द्वारा किया गया यह सम्मान उसी का प्रमाण है।






