आज लोकसभा में पेश होगा विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण विधेयक

लोकसभा में आज कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण विधेयक पेश किया जाएगा। यह विधेयक विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप ग्रामीण विकास का सशक्त ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से लाया जा रहा है। सरकार का कहना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसरों को मजबूती मिलेगी।
विधेयक के तहत प्रत्येक वित्तीय वर्ष में उन सभी ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार की वैधानिक गारंटी देने का प्रावधान किया गया है, जिनके वयस्क सदस्य अकुशल शारीरिक श्रम करने के लिए स्वेच्छा से आगे आते हैं। सरकार का दावा है कि यह पहल ग्रामीण बेरोजगारी को कम करने और आय के स्थायी स्रोत उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
सरकार के अनुसार, इस मिशन का मुख्य उद्देश्य समृद्ध और सशक्त ग्रामीण भारत के निर्माण के लिए सशक्तिकरण और विकास को बढ़ावा देना है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ-साथ जीवन स्तर में भी सुधार होगा।
इस बीच, वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन द्वारा सबका बीमा सबकी रक्षा बीमा कानूनों में संशोधन विधेयक 2025 भी पेश किया जाना है। इस विधेयक में बीमा अधिनियम 1938, जीवन बीमा निगम अधिनियम 1956 और बीमा नियामक तथा विकास प्राधिकरण अधिनियम 1999 में संशोधन का प्रस्ताव है। वहीं, राज्यसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा भी पुनः शुरू होगी।






