|

इंदौर में किसानों को मिली बड़ी सौगात: जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भावांतर योजना की राशि वितरण के साथ किसानों से आभार संकल्प कराया


मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके कल्याण के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने इंदौर जिले की लक्ष्मीबाई नगर मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में किसानों से दोनों हाथ उठाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार और धन्यवाद का संकल्प दिलाया।

मंत्री सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना के तहत आज इंदौर जिले के 7 हजार किसानों के बैंक खातों में 15 करोड़ 54 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। सांवेर क्षेत्र के लगभग तीन हजार किसानों को 5 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। राज्यव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास से की, जहाँ एक लाख 33 हजार किसानों के खातों में 2.33 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई।

मंत्री सिलावट ने कहा कि सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 5,328 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यदि किसानों को इससे कम मूल्य मिलता है, तो राज्य सरकार द्वारा भावांतर भुगतान योजना के तहत अंतर की राशि सीधे किसानों के खातों में जमा की जाएगी। इस योजना का लाभ 15 जनवरी 2026 तक जारी रहेगा।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि किसान को विक्रय मूल्य 4,500 रुपये मिला, तो उसे 828 रुपये प्रति क्विंटल का भावांतर मिलेगा, जबकि 4,000 रुपये में बिक्री पर 1,328 रुपये की राशि राज्य सरकार देगी। यह राशि किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में सीधे अंतरित की जा रही है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर रोशन राय, कृषि उप संचालक सी.एल. केवड़ा, मंडी बोर्ड सचिव रामवीर किरार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। मंत्री सिलावट ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना और प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत तथा किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के लाभों पर भी प्रकाश डाला।

Share

Similar Posts