दिल्ली विस्फोट के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ली समीक्षा बैठक, प्रदेश में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

भोपाल। दिल्ली में हुए विस्फोट की घटना के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को मंत्रालय स्थित सिचुएशन रूम पहुंचे और घटना के संदर्भ में राज्यभर की कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की और उनके क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए और जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि प्रदेश में अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और बस स्टैंड-रेलवे स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने पुलिस बलों को गश्त बढ़ाने और इंटेलिजेंस नेटवर्क को सक्रिय बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार हर स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियां तैयार रहें। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रदेश सरकार का यह कदम राजधानी दिल्ली की घटना के बाद मध्यप्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है।






