भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर चौथे दौर की वार्ता सफलतापूर्वक पूरी

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement – FTA) पर चौथे दौर की वार्ता सकारात्मक माहौल में पूरी हुई। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यह वार्ता वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार, आर्थिक सहयोग और उत्पत्ति के नियमों जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित रही। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने एक संतुलित, आधुनिक और परस्पर लाभकारी व्यापार साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
मंत्रालय ने बताया कि भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा न्यूज़ीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने अब तक की प्रगति का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मज़बूत करने और बाज़ार पहुँच को सुगम बनाने में मदद करेगा।
इस समझौते के तहत कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, औषधि, शिक्षा और सेवाओं जैसे कई क्षेत्रों में नए अवसर खुलने की संभावना जताई गई है। दोनों देश तकनीकी कार्यों और आने वाले बैठकों के माध्यम से वार्ता की गति बनाए रखने पर सहमत हुए हैं।
मंत्रालय के अनुसार, भारत और न्यूज़ीलैंड दोनों ने यह दोहराया है कि वे इस Free Trade Agreement (FTA) को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस समझौते से द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है, जिससे न केवल व्यापार बढ़ेगा बल्कि दोनों देशों के उद्यमियों के लिए वैश्विक प्रतिस्पर्धा में नए अवसर भी पैदा होंगे।






