इंदौर जिला पंचायत में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर हुआ सामूहिक गायन

इंदौर, 08 नवम्बर 2025। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर पर आज जिला पंचायत सभाकक्ष में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया और स्वदेशी भारत निर्माण की शपथ भी ली।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि विधायक उषा ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय और मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगीत गाकर देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
अपने संबोधन में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि “वंदे मातरम् केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मा की पुकार है।” उन्होंने कहा कि यह गीत कभी हमें गुलामी से आज़ादी की ओर जगाने वाला मंत्र था और आज भी यह हमें राष्ट्रीय एकता, नीति, समता और नैतिकता की दिशा में प्रेरित करता है।






