प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो को दी बधाई, भारत का सबसे भारी संचार उपग्रह सीएमएस-03 हुआ सफलतापूर्वक लॉन्च

भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) को देश के सबसे भारी संचार उपग्रह सीएमएस-03 (GSAT-7R) के सफल प्रक्षेपण पर हार्दिक बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा कि “भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र आज उत्कृष्टता और नवाचार का पर्याय बन गया है। हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत और समर्पण ने न सिर्फ देश की प्रगति को गति दी है, बल्कि लाखों भारतीयों को प्रेरित और सशक्त भी किया है।”
इस उपग्रह का प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया गया। यह उपग्रह संचार और रक्षा सेवाओं को और अधिक सक्षम बनाएगा। सीएमएस-03 का वजन 4 टन से अधिक है और इसे भू-समकालिक स्थानांतरण कक्षा (GTO) में स्थापित किया गया है।
इस उपलब्धि से भारत की अंतरिक्ष तकनीक एक नए स्तर पर पहुँच गई है और आने वाले समय में यह देश के डिजिटल और सामरिक क्षेत्र को मज़बूती प्रदान करेगा।






