|

भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त कार्य समूह की बैठक कैनबरा में शुरू, आतंकवाद विरोधी सहयोग पर हुई चर्चा

कैनबरा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सुरक्षा और आतंकवाद निरोध पर सहयोग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त कार्य समूह की दो दिवसीय बैठक कैनबरा में शुरू हुई। बैठक में दोनों देशों ने उभरते घरेलू, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा की।

इस उच्चस्तरीय वार्ता में आतंकवाद निरोध, कानून प्रवर्तन, न्यायिक सहयोग और समुद्री सुरक्षा जैसे प्रमुख विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. विनोद बहाडे और ऑस्ट्रेलिया की ओर से आतंकवाद निरोध की राजदूत जेम्मा हगिंस ने की।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की। ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल ने भारत के प्रति अपनी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया और आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा की।

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने इस बात पर सहमति जताई कि नई और उभरती हुई तकनीकों का आतंकवादी उद्देश्यों के लिए उपयोग एक गंभीर खतरा है। इस दिशा में समय पर सूचना साझा करने, तकनीकी सहयोग और ठोस कार्रवाई को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही दोनों देशों ने कट्टरपंथ और हिंसक उग्रवाद का मुकाबला करने के लिए सामाजिक, तकनीकी और नीतिगत स्तर पर सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आतंकवाद के खिलाफ समन्वित प्रयासों को सुदृढ़ करना है।

Share

Similar Posts