चार दिन के छठ महापर्व का आज तीसरा दिन, श्रद्धालु करेंगे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2025 —
लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा का आज तीसरा दिन है। यह दिन व्रतियों के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि आज संध्या को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पण किया जाएगा। कल उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिन चलने वाला यह पावन अनुष्ठान संपन्न होगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ महापर्व के अवसर पर आज राज्य अवकाश की घोषणा की है, ताकि श्रद्धालु इस पर्व को परंपरागत तरीके से मना सकें।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की पूजा तथा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने आशा जताई कि छठ पूजा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाए।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि छठ पर्व प्राकृतिक संतुलन, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने प्रार्थना की कि छठी मैया सभी के जीवन में नई ऊर्जा और समृद्धि का संचार करें।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सबके जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संदेश देता है।






