इंदौर में रोजगार मेला सम्पन्न, 102 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र

इंदौर, 24 अक्टूबर 2025।
भारतीय डाक विभाग, इंदौर परिक्षेत्र की मेजबानी में आज 17वां रोजगार मेला रविंद्र नाट्य गृह में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री (जनजातीय कार्य मंत्रालय) श्री दुर्गादास उईके, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी और विधायक श्री गोलू शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस रोजगार मेले में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के 40 केंद्रों पर 51,000 से अधिक अभ्यर्थियों को वर्चुअल नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इंदौर में 102 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिनमें से 25 युवाओं को मुख्य अतिथियों द्वारा मंच पर नियुक्ति पत्र दिए गए।

कार्यक्रम में इंदौर के साथ-साथ खंडवा, मंदसौर, रतलाम, सीहोर, उज्जैन, धार और देवास से आए अभ्यर्थियों को भी केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों — जैसे रेलवे, वित्त, उच्च शिक्षा, आयकर और डाक विभाग में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आयोजित यह वार्षिक रोजगार मेला युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे देशभर में युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ने का सुनहरा मौका मिल रहा है।






