प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेरा बूथ सबसे मज़बूत’ कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत की

नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज ‘मेरा बूथ सबसे मज़बूत’ कार्यक्रम के तहत भाजपा-एनडीए कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में तेज़ी से विकास हो रहा है और बिहार इस यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश और बिहार में विकास कार्य तेज़ी से इसलिए हो रहे हैं क्योंकि केंद्र और बिहार दोनों जगहों पर मज़बूत और स्थिर सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि जब स्थिरता होती है, तब विकास की रफ्तार भी बढ़ती है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के वोट की शक्ति से राम मंदिर का निर्माण, ऑपरेशन सिंदूर, और नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में तेज़ प्रगति संभव हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार की जनता किसी भी कीमत पर “जंगल राज” की वापसी नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि एनडीए ने बिहार को जंगल राज के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी दी है।
उन्होंने बताया कि 2014 में डबल इंजन सरकार के आने के बाद बिहार के विकास कार्यों में नई गति आई है। आने वाले वर्षों में एनडीए का लक्ष्य बिहार को तकनीक और नवाचार का केंद्र बनाना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर ज़िले में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने की आवश्यकता है और आने वाले वर्ष बिहार के युवाओं के लिए अभूतपूर्व अवसर लेकर आएंगे।






