सशक्त पुलिस बल ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है और यही सरकार का लक्ष्य है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एक सशक्त पुलिस बल ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है और यही सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद अपने संबोधन में यह बात कही। राजनाथ सिंह ने कहा कि सेना और पुलिस के मंच अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन उनका मिशन एक ही है और ये मिशन है राष्ट्रीय सुरक्षा। सेना देश की रक्षा करती है; पुलिस समाज की रक्षा करती है। जहाँ सेना भौगोलिक अखंडता सुनिश्चित करती है, वहीं पुलिस सामाजिक अखंडता सुरक्षित रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय पुलिस को समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ धारणाओं से भी जूझना पड़ता है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे देश अमृत काल में प्रवेश कर रहा है और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण की ओर अग्रसर है, भारत की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा में संतुलन बनाना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीन के हमले में शहीद हुए दस बहादुर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, बंडी संजय कुमार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुखों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की एक संयुक्त परेड भी आयोजित की गई।






