पश्चिम बंगाल: दार्जिलिंग में लगातार वर्षा और भूस्खलन से 20 से अधिक लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में लगातार वर्षा और भूस्खलन के कारण 20 से अधिक लोगों की जान चली गई। मिरिक, कुर्सियांग, रांगभांग और पुल बाज़ार क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। कालिंपोंग और आसपास के पर्वतीय जिलों में भारी नुकसान हुआ है।
तीस्ता नदी उफान पर है और कई स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी आने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। सिलिगुड़ी और मिरिक को जोड़ने वाला दुधिया पुल गिर गया, जिससे दार्जिलिंग, कुर्सियांग, मिरिक, कालिम्पोंग और सिक्किम के बीच आवाजाही बाधित हुई।
मिरिक में 13 लोगों की मौत हुई और चार घायलों को नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सुखिया पोखरी इलाके में 6 लोग मारे गए और एक व्यक्ति लापता है। बिजनबाड़ी में एक और व्यक्ति की मौत हुई है।
कई मकान बह गए और खेत डूब गए। ज़िला प्रशासन और स्थानीय निकाय राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। लोकसभा सांसद राजू बिष्ट और राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन शृंगला पीड़ितों की मदद कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों पर पैनी नजर रखी जा रही है और पीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।






