तेलंगाना में डॉक्टर की कार में जलकर मौत: डिवाइडर से टकराने के बाद लगी आग; सीट बेल्ट से बंधा मिला शव

तेलंगाना। सूर्यापेट में कार में आग लगने से एक डॉक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। डॉक्टर की कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई थी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। पुलिस को ड्राइविंग सीट पर डॉक्टर का जला हुआ शव मिला।
हादसा रविवार सुबह करीब 7:15 बजे हैदराबाद-खम्मम हाईवे पर पिल्ललमारी फ्लाईओवर के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर करीब आधे घंटे में काबू पाया गया।
कार की ड्राइविंग सीट पर मिला शव
आग बुझाने के बाद कार की ड्राइविंग सीट पर एक जला हुआ शव मिला। कार पूरी तरह जल चुकी थी। शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कार का गेट काटना पड़ा। फायर ब्रिगेड ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

टोल गेट से हुई डॉक्टर की पहचान
पुलिस ने पास के टोल गेट की जानकारी और कार के अस्थायी रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से मृतक की पहचान की। मृतक की पहचान के. जगदीश के रूप में हुई है। वह खम्मम जिले के एक अस्पताल में न्यूरोसर्जन थे।

परिवार से मिलने हैदराबाद जा रहे थे
जगदीश खम्मम से हैदराबाद जा रहे थे। उन्हें अपने परिवार से मिलने जाना था। इसी दौरान उनकी कार पिल्ललमारी फ्लाईओवर के पास डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। आग लगने के पीछे की वजह और हादसे की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।