| | |

सिंहस्थ की तैयारियों का जायजा लेने उज्जैन पहुंचे CM: सड़क चौड़ीकरण का किया औचक निरीक्षण; नागरिकों का फूल बरसाकर हुआ स्वागत

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री नीलगंगा चौराहे से नानाखेड़ा चौराहे तक पहुंचे और अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आए नागरिकों ने मुख्यमंत्री का फूल बरसाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताया।

सीएम ने कहा कि नागरिकों ने स्वयं अपने मकान हटाकर विकास कार्यों में योगदान दिया है। कई देवस्थलों को भी लोगों ने अपनी इच्छा से हटाया है। यह सहयोग सिंहस्थ की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण है।

करोड़ों श्रद्धालुओं के आवागमन को बेहतर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुगम यातायात की व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है। सड़क चौड़ीकरण के बाद लोगों को जाम से राहत मिलने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। नीलगंगा चौराहे से नानाखेड़ा बस स्टैंड को जोड़ने वाला मार्ग आगे एलिवेटेड ब्रिज से भी जुड़ेगा

महाकाल लोक के निर्माण से बदली शहर की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों का फूल बरसाकर स्वागत करना उनके स्नेह और विश्वास को दर्शाता है। सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए ठोस निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन का विस्तार हुआ है। हर साल पर्यटन के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। बाबा महाकाल की नगरी सभी की नगरी है, इसलिए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Share