बड़वानी से 1 हजार से ज्यादा छात्र इंदौर रवाना: ‘छात्रों की गूंज’ में राहुल गांधी से करेंगे संवाद; शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक पर होगी बात

बड़वानी। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी है।
इंदौर में होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़वानी से भी बड़ी संख्या में छात्र और युवक कांग्रेस कार्यकर्ता रवाना हुए। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे बड़वानी विधायक कार्यालय से छात्र-छात्राएं इंदौर के लिए निकले।
दो बसों और 15 से ज्यादा वाहनों से छात्र रवाना
कांग्रेस नेताओं के अनुसार बड़वानी से दो बसों और 15 से ज्यादा चार पहिया वाहनों में करीब 1 हजार छात्र-छात्राएं और युवक कांग्रेस कार्यकर्ता इंदौर पहुंचे।
कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से उनकी पढ़ाई, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं पर बातचीत करेंगे। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी आयोजित हो चुका है।
पेपर लीक और रोजगार जैसे मुद्दों पर होगी बात
विधायक राजन मंडलोई ने कहा कि युवाओं के सामने कई तरह की समस्याएं हैं। छात्र मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उन्हें परेशानी होती है। रोजगार और पढ़ाई से जुड़े मुद्दे भी युवाओं के सामने हैं। इन्हीं मुद्दों पर राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी बातें सुनेंगे।
युवक कांग्रेस ने की छात्रों से जुड़ने की अपील
युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सचिन यादव ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ के तहत अलग-अलग शहरों में छात्रों से संवाद किया जा रहा है। इंदौर में भी छात्रों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के बजाय छात्रों को केंद्र में रखने की बात आयोजकों की ओर से कही गई है। राहुल गांधी ने भी कार्यक्रम से पहले छात्रों से अपनी शिक्षा और भविष्य से जुड़ी परेशानियां साझा करने की अपील की थी।