| |

धार में ‘धार के राजा’ के दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु: 23 सितंबर को 1.08 लाख आहुतियों का महायज्ञ; अनंत चतुर्दशी पर 51 फीट की झांकी

धार। 10 दिवसीय गणेशोत्सव को लेकर शहर सहित अंचल में उत्साह का माहौल है। लालबाई माता चौराहा पर विराजित ‘धार के राजा’ की आकर्षक प्रतिमा के दर्शन और पूजन के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और आरती मंडलों की ओर से भगवान श्री गणेश की आरती और पूजन किया जा रहा है।

अलग-अलग संगठनों की ओर से हो रही आरती
आयोजक विशाल राठौर ने बताया कि अब तक विजय श्री परिवार, वाल्मीकि समाज, कुशाभाऊ ठाकरे नगर मंडल भाजपा और आदेश आरती मंडल की ओर से आरती की जा चुकी है। 20 सितंबर को भाजपा महिला मोर्चा की बहनों द्वारा आरती की जाएगी।

इसके बाद 21 सितंबर को किन्नर समाज और 22 सितंबर को भाजपा के केशरीमल सेनापति मंडल की ओर से आरती होगी। 24 सितंबर को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के युवा साथियों द्वारा आरती का आयोजन किया जाएगा।

23 सितंबर को 1.08 लाख आहुतियों का महायज्ञ
गणेशोत्सव के तहत 23 सितंबर को श्री गणेश महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसमें 1 लाख 8 हजार आहुतियां दी जाएंगी। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। अनंत चतुर्दशी पर भगवान विष्णु के प्रथम अवतार मत्स्य अवतार पर आधारित 51 फीट की भव्य झांकी भी नगर में निकाली जाएगी।

क्लब सदस्यों ने लिया नेत्रदान का संकल्प
समिति अध्यक्ष मुन्नालाल वर्मा ने बताया कि विजय श्री परिवार ने दिवंगत सदस्यों की स्मृति में क्लब सदस्यों के नेत्रदान का प्रेरणादायी संकल्प लिया है।

उन्होंने बताया कि क्लब परिवार ने यह भी निर्णय लिया है कि आगामी गणेश उत्सव या धार नगर में होने वाले किसी भी आयोजन के लिए नगरवासियों से आर्थिक सहयोग या चंदा नहीं लिया जाएगा। आयोजनों का पूरा खर्च क्लब के सदस्य आपस में मिलकर वहन करेंगे।

Share