|

धार जिले में ‘जन-विश्वास’ कार्यक्रम का असर: DIG ने धामनोद में सुनी आमजन की फरियाद; लंबित शिकायतों के परीक्षण पर दिया जोर

धार । मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शुक्रवार आयोजित किए जा रहे ‘जन-विश्वास’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को धामनोद थाने में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में इंदौर ग्रामीण DIG मनोज कुमार सिंह ने आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान एसडीओपी मोनिका सिंह और थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। DIG सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए, जिससे आम जनता को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का हो निराकरण
शिविर के दौरान DIG मनोज कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम में प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर हर हाल में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने थाने में लंबित पड़ी पुरानी शिकायतों का भी बारीकी से परीक्षण करने और उन पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान करना है।

त्वरित और न्यायपूर्ण राहत दिलाना प्राथमिकता
DIG ने जोर देकर कहा कि जनता को त्वरित एवं न्यायपूर्ण राहत मिले, इसके लिए पूरी पुलिस मुस्तैदी के साथ काम कर रही है। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने क्षेत्र की जनता से विशेष अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी या विवाद होने पर नागरिक बिना किसी झिझक के सीधे एसडीओपी या थाना प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं।

सीधे संवाद से समस्याओं का हो रहा समाधान
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर है और आमजन से सीधे संवाद के माध्यम से उनकी शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण शिविर में एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय आवेदक उपस्थित रहे।

Share