अपराध | प्रदेश | मध्य प्रदेश
यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाना पड़ा महंगा: पुलिस ने स्टंटबाज कार चालक पर की कार्रवाई; 9 हजार का काटा चालान

पेटलावद । यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्टंट करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर एक कार (MP09WL9000) को पकड़ा, जिसमें चालक दोस्तों के साथ बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहा था।
स्टंटबाज वाहन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
कार पर अनधिकृत रूप से ‘बॉस’ लिखा हुआ था, जिसे पुलिस द्वारा तत्काल हटवाया गया। थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया और यातायात प्रभारी विवेक शर्मा ने इस पूरी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि वाहन मालिक गौतम (निवासी पेटलावद) के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 9,000 रुपये का चालानी जुर्माना वसूला गया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य मनचले वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया है।
‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत दी गई समझाइश
इस घटना के अलावा, पुलिस ने ‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत गांधी चौक क्षेत्र में तेज गति से गाड़ी चलाने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा। पुलिस ने तेज रफ्तार वाहन चालकों को रोककर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सख्त समझाइश दी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई भी की।