| | | |

इंदौर में किसानों का प्रदर्शन: विरोध में IDA कार्यालय के सामने हुए अर्धनग्न, दो साल से लगे प्रतिबंध हटाने की मांग

इंदौर। अहिल्या पथ योजना से प्रभावित किसानों ने इस योजना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भारतीय किसान एवं मजदूर सेना और अहिल्या पथ संघर्ष समिति के नेतृत्व में किसानों ने आज आईडीए (IDA) कार्यालय के सामने अर्धनग्न होकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने मांग की है कि इस योजना को पूरी तरह निरस्त किया जाए और उनकी भूमि पर पिछले करीब दो साल से लगाए गए सभी तरह के प्रतिबंध तत्काल हटाए जाएं।
दो साल से प्रतिबंधों के कारण अटके काम
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि इस योजना की वजह से नैनोद, रिजलाय, बुढ़ानिया, बड़ा बांगड़दा, पालाखेड़ी, लिम्बोदागारी, रेवती और बरदरी समेत आसपास के कई गांवों की जमीनें प्रभावित हो रही हैं। किसानों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से भूमि पर प्रतिबंध लगे होने के कारण वे अपनी ही जमीन का स्वतंत्र उपयोग, विकास, डायवर्शन या वैध विक्रय नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी व्यक्त की। विरोध प्रदर्शन के अंत में किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर इस मामले में तत्काल उचित निर्णय लेने की मांग की। साथ ही, किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे आईडीए कार्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।
Share