उज्जैन में 300 पुलिसकर्मियों का फ्लैगमार्च: कहा- अफवाहों पर भरोसा न करें; कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्ती

उज्जैन। त्योहारों के बीच शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस ने सोमवार शाम मोर्चा संभाल लिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला।
महाकाल, जीवाजीगंज, माधवनगर और नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी पैदल और वाहनों से प्रमुख मार्गों व संवेदनशील इलाकों में पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
सड़कों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल देखकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिला। अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाएं और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्ती होगी।
संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला
आगामी त्योहारों को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
अफवाहों पर भरोसा न करें
अधिकारियों ने कहा कि अफवाहों पर भरोसा न करें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि कोई भ्रामक या आपत्तिजनक जानकारी साझा न करें। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। पुलिस ने साफ किया कि माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रहेगी। त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त और निगरानी करेगी।