द पार्क इंदौर में विराजे ‘द पार्क के राजा’: आस्था और उत्सव के साथ धूम; इको-फ्रेंडली गणेश से दिया पर्यावरण का संदेश

इंदौर। द पार्क इंदौर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। डेढ़ दिन के लिए विराजे गणपति को ‘द पार्क के राजा’ नाम दिया गया है। इस दौरान होटल परिसर में आस्था और उत्सव का माहौल रहेगा। गणेश उत्सव के माध्यम से सभी की खुशहाली, समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना की जा रही है।
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
द पार्क इंदौर ने इस वर्ष गणेश उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया है। होटल में इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसे पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से तैयार किया गया है। होटल प्रबंधन के अनुसार, प्रतिमा का विसर्जन इस तरह किया जाएगा कि जल स्रोतों और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे।
आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण जरूरी
द पार्क इंदौर के जनरल मैनेजर अमित भाटिया ने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, समृद्धि, शुभता और विघ्नहर्ता के प्रतीक हैं। गणेश उत्सव के माध्यम से संपूर्ण समुदाय की शांति और समृद्धि के साथ विश्व कल्याण की कामना की जा रही है।
उन्होंने कहा कि परंपराओं का सम्मान करने के साथ पर्यावरण की रक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ इको-फ्रेंडली ‘द पार्क के राजा’ की स्थापना की गई है, ताकि आस्था और प्रकृति संरक्षण दोनों को साथ लेकर चला जा सके। यह पहल आस्था, समुदाय, स्थिरता और विश्व कल्याण की भावना को जोड़ती है।