| |

उज्जैन में डेढ़ महीने पहले हुए सड़क हादसे का CCTV फुटेज मिला: आरोपियों की तलाश जारी; एक महिला की मौत

उज्जैन। डेढ़ महीने पहले हुए सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। 25 जुलाई की रात श्री गंगा रेस्टोरेंट के सामने एक युवक अपनी मां और मौसी को बाइक से घर ले जा रहा था।

इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मौसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इससे पहले युवक अपने पिता को भी खो चुका था। मां का इलाज अभी जारी है।

हादसे को डेढ़ माह गुजरने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी कार चालक और वाहन का सुराग नहीं जुटा पाई है। शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर से होती है। इसके बावजूद आरोपी को तलाश नहीं पाई है।

25 जुलाई को हुई थीं मौत
नागझिरी निवासी फर्नीचर कारोबारी अजित सिसोदिया के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। 25 जुलाई को उनके पिता शिवनारायण सिसोदिया की माधवनगर अस्पताल में मौत हुई थी। अंतिम संस्कार के बाद अजित अपनी मां लीलाबाई और मौसी नगीनाबाई को बाइक से घर लेकर लौट रहे थे। रात 3:08 बजे एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अजित और उनकी मां गंभीर घायल हुए, जबकि मौसी नगीनाबाई की मौत हो गई।

पीड़ित ने बताई पीड़ा
एक ही दिन में पिता और मौसी को खो चुके अजीत के लिए यह हादसा आज भी दर्दनाक याद बना हुआ है। अजीत का कहना है कि सीसीटीवी में कार साफ नजर आ रही है, फिर भी डेढ़ महीने बाद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। माधवनगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि कार बड़े पुल की ओर से देवास रोड तरफ आई थी और टक्कर के बाद फरार हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान और नंबर ट्रेस करने में जुटी है।

Share