झाबुआ में बारिश से गिरी पुलिया: चार सालों से कर रहे सड़क की मांग: कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन के बाद भी नहीं हुआ काम

झाबुआ। पेटलावद क्षेत्र की ग्राम पंचायत गामड़ी के अंतर्गत आने वाले नवापाड़ा जाने वाले मार्ग पर बनी कच्ची पुलिया बारिश के कारण ढह गई है। दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण रविवार शाम को इस मार्ग का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है।
इस रास्ते पर पहले पाइप डालकर मुरम से भराव करवाया गया था, लेकिन भारी बारिश में वह बह गया, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं।
चार सालों से दे रहे आवेदन
दौलतपुरा से नवापाड़ा तक का सड़क मार्ग बनवाने के लिए ग्रामवासी चार सालों से लगातार आवेदन और निवेदन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने वर्ष 2022 में पेटलावद एसडीएम को आवेदन देकर स्थिति देखने की गुहार लगाई थी।
पंचायत सचिव ने नहीं उठाया फोन
इसके बाद वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री को आवेदन भेजा गया और जुलाई 2026 में कलेक्टर की जनसुनवाई में भी गुहार लगाई जा चुकी है, फिर भी कुछ नतीजा नहीं निकला। इस संबंध में जब ग्राम पंचायत सचिव खुशाल वसुनिया और इंजीनियर संजय नर्गेश से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, तो दोनों ने फोन रिसीव नहीं किया।
आए दिन गिर कर घायल हो रहे लोग
नवापाड़ा के स्थानीय निवासी रामलाल डामर, रूमाल, रामा और कालू सहित अनेक ग्रामीणों का कहना है कि यह कच्चा रास्ता कई नालों से होकर गुजरता है। इस मार्ग पर चार पहिया वाहन तो दूर, दो पहिया वाहनों का निकलना भी दूभर हो गया है। आए दिन लोग इस रास्ते पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क और पुलिया न होने के कारण गांव में एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच पाती है, जिससे आपात स्थिति में मरीजों की जान पर बन आती है।
सरकारी योजनाओ का नहीं मिल रहा लाभ
खराब रास्ते और नालों के उफान पर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है और वे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। साथ ही, रोजगार के लिए लोग गांव से बाहर नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गांव में कई शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।