इंदौर में कलेक्टर ने की खजराना गणेश की आरती: 7 करोड़ के स्वर्ण आभूषण पहनाए; 5-10 मिनट में हो रहे दर्शन

इन्दौर। खजराना में 10 दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ हुआ। श्री खजराना गणेश भगवान का पंचामृत से अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया।
भगवान को 7 करोड़ के स्वर्ण आभूषण पहनाए गए। इसके बाद सवा लाख मोदकों का भोग लगाया गया।कलेक्टर-कमिश्नर ने ध्वज पूजन किया। आज ढाई से 3 लाख भक्तों के आने का अनुमान है।
5 से 10 मिनट में हो रहे दर्शन
चतुर्थी के अवसर पर ढाई से 3 लाख और 10 दिनों में 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। दर्शन के लिए जिग-जैग रेलिंग लगाई गई है। सभी को 5 से 10 मिनट में दर्शन हो रहे हैं। सुरक्षा के लिए चार थानों का पुलिस बल और समिति के 200 गार्ड तैनात हैं।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
कलेक्टर शिवम ने कहा आज गणेश चतुर्थी का पावन पर्व है। सभी भक्त उल्लास के साथ पूजन कर रहे हैं। यातायात और दर्शन सुविधा के लिए प्रबंध समिति ने सभी इंतजाम किए हैं। हम खजराना लोक को दृष्टिगत रखते हुए आमूलचूल कार्य कर रहे हैं, जो एक-दो वर्षों में पूरा हो जाएगा।खजराना गणेश की कृपा से शहर में सुख-समृद्धि है और शहर हमेशा नंबर वन रहे, यही कामना है। सभी इंदौर वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
मंदिर में बनेगा कवर्ड पाथवे
निगम आयुक्त क्षितिज सिंगल बोले श्रवण समिति की अनुशंसा और अनुमति से विकास कार्य किए जा रहे हैं ताकि बड़ी संख्या में आने वाले दर्शनार्थियों को असुविधा न हो और लॉ एंड ऑर्डर बना रहे। मुख्य मंडप को थोड़ा नीचे किया गया है ताकि पूजन के दौरान श्रद्धालु दर्शन से वंचित न रहें। रेलिंग का काम और सामने की दुकानों को दानदाताओं के सहयोग से कवर्ड पाथवे के रूप में विकसित किया जा रहा है।