धार में उमंग सिंघार बोले- कहीं MP का नाम ‘नकली प्रदेश’ न हो जाए: दवाई-शराब सब में मिलावट; व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए

धार। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने धार जिले के गंधवानी में गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तरह हर चीज नकली मिल रही है, उसे देखते हुए कहीं आने वाले समय में मध्यप्रदेश का नाम ही ‘नकली प्रदेश’ न हो जाए।
सिंघार ने कहा कि प्रदेश में कफ सिरप से लेकर खेती के लिए जरूरी खाद और शराब तक नकली बिकने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नकली सामानों की बिक्री से आम लोगों का जीवन संकट में पड़ रहा है और सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कफ सिरप से खाद और शराब तक का मुद्दा उठाया
नेता प्रतिपक्ष ने अपने बयान में स्वास्थ्य, कृषि और राजस्व से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी के स्वास्थ्य से जुड़ी दवाइयों, किसानों के लिए जरूरी खाद और शराब जैसी चीजों में भी मिलावट या नकली सामान का मामला सामने आए तो यह चिंता का विषय है।
सिंघार के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत गरमा सकती है। नेता प्रतिपक्ष ने सीधे तौर पर सरकार की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
राजनीतिक बयानबाजी बढ़ने के आसार
उमंग सिंघार के ‘नकली प्रदेश’ वाले बयान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। स्वास्थ्य, कृषि और राजस्व जैसे संवेदनशील मुद्दों को एक साथ उठाते हुए सिंघार ने सरकार को घेरने की कोशिश की है।
गंधवानी में दिए गए इस बयान के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि सरकार और भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष के इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।