रीवा में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय संगोष्ठी: रघुराज किशोर तिवारी बोले- पटेल अखंड भारत के महान शिल्पी; राष्ट्रीय एकता का संकल्प

रीवा। संस्कृति मंत्रालय और प्रेमदीप फाउंडेशन के द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जन्म जयंती वर्ष के तहत ‘राष्ट्रीय संगोष्ठी’ का आयोजन माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय,रीवा कैंपस में किया गया।
रघुराज किशोर तिवारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं,बल्कि आधुनिक और अखंड भारत के महान शिल्पी थे।
देश की एकता और अखंडता के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक एक सूत्र में बंधा भारत सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रनिष्ठा का परिणाम है। यह विचार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रघुराज किशोर तिवारी ने व्यक्त किए।
सरदार पटेल ने राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी
उन्होंने अपने उद्बोधन में सरदार पटेल के व्यक्तित्व,कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती विभिन्न रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर मजबूत राष्ट्र का निर्माण करना था। सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस,दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से इस कठिन कार्य को संभव कर दिखाया। उनके प्रयासों ने भारत की भौगोलिक ही नहीं,बल्कि राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी।
सरदार पटेल से प्रेरणा ले युवा पीढ़ी
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के जीवन से राष्ट्रभक्ति,अनुशासन, दृढ़ संकल्प और एकता की प्रेरणा लेनी चाहिए। देश की अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी डॉ.अनिल कुमार पटेल,जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अमित अवस्थी, प्रेमदीप फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ.अमृतांशु पाण्डेय, भाजपा नेता पुष्पेंद्र मिश्रा, MCU रीवा के डायरेक्टर सत्येंद्र डहेरिया और युवा नेता देवांशु मिश्रा, आशुतोष त्रिपाठी, ऋतिक मिश्रा, किशन मिश्रा, सौरभ पटेल, शर्तेंदु सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में युवा साथी, मातृशक्ति और शिक्षकगण छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।
सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया
संगोष्ठी के दौरान उपस्थित जनों ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण के विचारों को आत्मसात करने तथा देश की एकता एवं अखंडता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।