स्टेट फेंसिंग स्पर्धा में इंदौर का प्रतिनिधित्व करेंगे पार्थ बोरकर: सिंगरौली में 12 सितंबर से शुरू होगी 14वीं मिनी स्टेट चैंपियनशिप

इंदौर। वॉरियर्स फेंसिंग स्पोर्ट्स अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी पार्थ बोरकर सिंगरौली में आयोजित होने वाली 14वीं मिनी अंडर-10 एवं अंडर-12 स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप में इंदौर का प्रतिनिधित्व करेंगे। 12 सितंबर से प्रारंभ होने वाली प्रतियोगिता के लिए पार्थ रवाना हो गए हैं। पार्थ बोरकर कोच करण साहू से प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन आगामी 14वीं मिनी एवं 8वीं चाइल्ड नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 27 सितंबर 2026 तक जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित है।
अकादमी ने दी शुभकामनाएं
वॉरियर्स फेंसिंग स्पोर्ट्स अकादमी ने स्पर्धा में अच्छे प्रदर्शन के लिए पार्थ बोरकर को शुभकामनाएं दी हैं।