|

आईपीएससी बैडमिंटन में डीपीएस आरके पुरम ओवरऑल चैंपियन: अंडर-14 में राजमाता कृष्णा कुमारी, अंडर-17 में एमजीडी और अंडर-19 में मॉडर्न स्कूल का दबदबा

इंदौर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम, नई दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर की मेजबानी में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी बैडमिंटन टूर्नामेंट में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। अंडर-14 में राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, जोधपुर की कियारा गोयल, अंडर-17 में महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर की जान्या राव तथा अंडर-19 में मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड, दिल्ली की प्रसिद्धि गुप्ता ने व्यक्तिगत खिताब जीते। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिष्ठित आईपीएससी स्कूलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

अंडर-14 में कियारा गोयल ने जीता खिताब
अंडर-14 बालिका व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में कियारा गोयल ने अर्नाज़ कौर को पहला गेम गंवाने के बाद 1-15, 15-4, 15-10 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल में कियारा गोयल ने डीपीएस आरके पुरम की आरवी अरोरा को 15-2, 15-2 से तथा यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, मोहाली की अर्नाज़ कौर ने तान्या अग्रवाल को 15-8, 15-11 से शिकस्त दी। टीम वर्ग में राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, जोधपुर विजेता रहा। द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर को दूसरा, यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, मोहाली को तीसरा और डीपीएस आरके पुरम को चौथा स्थान मिला।

अंडर-17 में जान्या राव बनीं चैंपियन
अंडर-17 व्यक्तिगत वर्ग के संघर्षपूर्ण खिताबी मुकाबले में डीपीएस आरके पुरम की जान्या राव ने जयपुर की अस्मिता चौधरी को 13-15, 15-11, 15-10 से पराजित किया। सेमीफाइनल में अस्मिता चौधरी ने द एमराल्ड हाइट्स की रेनी अग्रवाल को 2-0 से तथा जान्या राव ने अंशिका गुप्ता को 2-0 से मात दी। टीम स्पर्धा में महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर प्रथम, डीपीएस आरके पुरम द्वितीय, द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल तृतीय और द लॉरेंस स्कूल, लवडेल चतुर्थ रहा।

अंडर-19 में प्रसिद्धि गुप्ता अव्वल
अंडर-19 व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड की प्रसिद्धि गुप्ता ने डीपीएस आरके पुरम की यशिता सिंह को सीधे गेम में 15-5, 15-8 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। टीम वर्ग में मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड, नई दिल्ली प्रथम, डीपीएस आरके पुरम द्वितीय, द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल तृतीय और राजकुमार कॉलेज, रायपुर चतुर्थ रहा।

हर्षिता सिंह ने किया पुरस्कृत
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उप विजेता खिलाड़ियों को स्कूल की निदेशक हर्षिता सिंह ने पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर स्कूल के खेल अधिकारी अकरम खान सहित प्रतियोगिता से जुड़े अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Share