उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारी में बोहरा समाज की पहल: सड़क चौड़ीकरण में सहयोग; हुसामी मस्जिद का हिस्सा खुद हटाया

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच शहर में सड़क चौड़ीकरण का काम जारी है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे गोपाल मंदिर के सामने छत्री चौक क्षेत्र में बोहरा समाज ने सड़क विस्तार के लिए अपनी मस्जिद के चिन्हित हिस्से को खुद हटाना शुरू किया।
समाज के लोग हथौड़े लेकर मौके पर पहुंचे और मस्जिद के हिस्से को हटाने में जुट गए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक तरीके से हुई। प्रशासन के अनुसार, मस्जिद का करीब 8.5 फीट हिस्सा सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है।
नोटिस के बाद समाज ने खुद हटाया हिस्सा
ज्जैन में कंठाल से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी के तहत गोपाल मंदिर के सामने स्थित बोहरा समाज की हुसामी मस्जिद के हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि कार्रवाई से पहले समाज को नोटिस दिया गया था। इसके बाद समाज की आपसी सहमति से मस्जिद के चिन्हित हिस्से को हटाया जा रहा है।

दुकानों के बाद दूसरी मस्जिद पर भी होगी कार्रवाई
राठौर के अनुसार, सिंहस्थ-2028 को देखते हुए इस क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। इलाके में दो मस्जिदें हैं। पहले हुसामी मस्जिद के हिस्से को हटाया जा रहा है। इसके बाद सामने की दुकानों को भी चौड़ीकरण के दायरे से हटाया जाएगा। इसके आगे मुस्लिम समुदाय की दूसरी मस्जिद के संबंध में भी सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई की जाएगी। बोहरा समाज के लोगों का खुद आगे आकर मस्जिद का हिस्सा हटाने में निगम का सहयोग करना शहर के विकास में सहयोग की मिसाल माना जा रहा है।
करीब 200 साल पुरानी है हुसामी मस्जिद
बोहरा समाज के अब्बास सियावाला ने बताया कि गोपाल मंदिर के सामने स्थित हुसामी मस्जिद करीब 200 साल पुरानी है। सड़क विस्तार की जरूरत को देखते हुए मस्जिद का चिन्हित हिस्सा हटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह फैसला समाज की आपसी सहमति से लिया गया है। सियावाला के मुताबिक, सैयदना साहब की ओर से भी स्पष्ट निर्देश हैं कि सरकार की योजना के अनुसार सहयोग करते हुए विकास कार्य में साथ दिया जाए।