उज्जैन में पिकअप से 7 गोवंश बरामद: पानबिहार पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी को पकड़ा; कोर्ट ने महिदपुर जेल भेजा

उज्जैन। गोवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ पानबिहार चौकी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने जांच के दौरान बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली। वाहन में 7 गोवंश मिले। पुलिस ने सभी गोवंश को सुरक्षित बरामद कर वाहन जब्त कर लिया। मामला 10 सितंबर की शाम का बताया जा रहा है।
पुलिस ने गरोठ रोड पर तुलाहेड़ा टोल टैक्स के आगे ग्राम भैरूखेड़ा के पास कार्रवाई की। मौके से मुबारिक पिता सलीम खान उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम घोंसला, थाना राघवी, जिला उज्जैन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बोलेरो पिकअप क्रमांक MP04GB7426 के चालक को भी मामले में आरोपी बनाया है। दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
4.50 लाख रुपए कीमत के गोवंश जब्त
पुलिस ने वाहन समेत 7 गोवंश जब्त किए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपए बताई गई है। मामले में पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम और मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

सभी गोवंश को गौशाला पहुंचाया
पानबिहार चौकी प्रभारी जयंत डामोर के अनुसार, पुलिस ने सभी गोवंश को सुरक्षित कृष्णा गौशाला पहुंचाया है। कार्रवाई में किसी भी पशु की मौत नहीं हुई। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को महिदपुर जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।