| |

उज्जैन में बाइक सवारों को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर: एक की मौत, 2 गंभीर घायल; काम से घर लौट रहे थे तीनों

उज्जैन। चिंतामण थाना क्षेत्र में बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काम से घर लौट रहे तीन बाइक सवारों को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में शांति नगर निवासी बाबूलाल उर्फ जितेंद्र यादव की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को इलाज के लिए चरक अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

राजाराम रिसॉर्ट के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात बाबूलाल उर्फ जितेंद्र यादव अपने दो साथियों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तीनों राजाराम रिसॉर्ट के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में जितेंद्र को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों साथियों को भी गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों की पहचान सार्थक नगर निवासी सतीश पिता रमेशचंद्र यादव और राहुल पिता दिलीप के रूप में हुई है। दोनों का चरक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने जितेंद्र का शव परिजनों को सौंप दिया। चिंतामण थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे की वजह और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Share