|

कटनी के बरही वनक्षेत्र में फिर दिखा बाघ: ग्रामीणों में डर; केवलारी और बरमानी में अलर्ट जारी

कटनी। बरही वन परिक्षेत्र के अंतर्गत केवलारी गांव के पास सड़क किनारे एक वयस्क बाघ की आवाजाही से आसपास के ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल है।

गुरुवार को सड़क किनारे मौजूद बाघ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों काफी डरे हुए है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त और सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है।

सड़क पर बाघ देखकर सहमे राहगीर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, केवलारी मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने बाघ को सड़क के किनारे शांत खड़े देखा, जो कुछ देर बाद झाड़ियों की ओर चला गया। राहगीरों ने दूर से ही इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।

चार दिन में दूसरी बार टाइगर मूवमेंट
बरही रेंज में यह पहली बार बाघ नहीं दिखा है। इससे पहले 5 सितंबर को समीपी गांव बरमानी में स्थानीय किसान मनीष यादव के खेत के पास बाघ देखा गया था। सिर्फ चार दिनों में केवलारी और बरमानी में लगातार बाघ की मौजूदगी से किसानों के लिए खेतों में काम करना और रात के समय आना-जाना मुश्किल हो गया है।

वन विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। वन अधिकारियों के अनुसार, ताजा अपडेट में बाघ आबादी वाले इलाके से निकलकर वापस घने जंगलों की ओर चला गया है। फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर विशेष टीमों को मुस्तैद रखा गया है।

Share