|

देवास में सड़क चौड़ीकरण बना खतरा: रास्ते पर लगा मलबे और पत्थरों का ढेर; कभी भी हो सकता है हादसा

हाटपिपलिया (देवास)।  नगर में विधायक मनोज चौधरी के प्रयासों से नगर में सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

निर्माण कार्य के दौरान सड़क की खुदाई का काम जारी है, जिससे रास्ते पर मलबे और पत्थरों का ढेर लगा हुआ है। परंतु सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते क्षेत्र में जोखिम बना हुआ है।

निर्माण स्थल पर उचित सांकेतिक बोर्ड (साइनबोर्ड) या सुरक्षा बैरिकेड्स न होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए रात्रि एवं दिन में धूल मिट्टी होने के कारण फिसलने और दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है।

लापरवाही से हो सकता है हादसा 
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे विकास कार्य का स्वागत करते हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। व्यस्त मार्ग होने के कारण दिन-रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे अनहोनी का डर बना हुआ है।

सांकेतिक चिन्ह लगाने के निर्देश दिए
स्थानीय निवासियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्षद प्रतिनिधि संदीप ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार को तुरंत चेतावनी बोर्ड और सांकेतिक चिन्ह लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना से बचा जा सके।

Share