|

महू में गोडाउन का ताला तोड़कर 300 किलो विस्फोट सामग्री चोरी: 375 मीटर डेटोनेटिंग फ्यूज भी ले गए बदमाश; 15 सदस्यीय SIT जांच में जुटी

महू। ग्राम सितापाट में एक गोडाउन का ताला तोड़कर विस्फोटक सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। बदमाश गोडाउन से करीब 300 किलो नाईट्रेड मिक्सर और 375 मीटर डेटोनेटिंग फ्यूज चोरी कर ले गए। चोरी गई सामग्री की कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई जा रही है।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश और चोरी गई सामग्री की बरामदगी के लिए 15 सदस्यों की SIT गठित की है।

रात में गोडाउन का ताला तोड़कर चोरी
ग्राम सितापाट में सर्वे नंबर 212/01 और 214/01 में सूरज पाटीदार का गोडाउन यानी मैगजीन बना हुआ है। इसमें नाईट्रेड मिक्सर और डेटोनेटिंग फ्यूज रखा था। 6 सितंबर की रात से 7 सितंबर की सुबह के बीच अज्ञात बदमाशों ने गोडाउन को निशाना बनाया। उन्होंने पहले ताला तोड़ा और अंदर रखी विस्फोटक सामग्री लेकर फरार हो गए।

तीन बॉक्स 40 एमएम और नौ बॉक्स 25 एमएम के चोरी
चोर 40 एमएम नाईट्रेड मिक्सर के तीन बॉक्स ले गए, जिनका वजन करीब 75 किलो बताया गया है। इसके अलावा 25 एमएम नाईट्रेड मिक्सर के नौ बॉक्स भी चोरी हुए, जिनका कुल वजन करीब 225 किलो है। इस तरह कुल करीब 300 किलो नाईट्रेड मिक्सर चोरी हुआ। इसके साथ ही करीब 375 मीटर डेटोनेटिंग फ्यूज भी बदमाश अपने साथ ले गए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बडगोंदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने गोडाउन और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। साथ ही संदिग्ध लोगों और वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

15 सदस्यीय SIT गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 15 सदस्यों की विशेष जांच टीम बनाई है। SIT चोरी गई सामग्री की बरामदगी के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। फरियादी सूरज पिता कांतिलाल पाटीदार की शिकायत पर बडगोंदा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

 

Share